मिशन शक्ति अभियान के तहत स्कूली छात्राओं को किया अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक

- सहारनपुर में शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सम्मानित करते डीआईजी व एसएसपी।
सहारनपुर। महानगर की प्रमुख शिक्षण संस्था सहारनपुर पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने स्कूली बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान स्कूली छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। स्थानीय पेपर मिल रोड स्थित सहारनपुर पब्लिक स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के चौथे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय रामकरण, प्रधानाचार्य सुधीर जोशी, महिला थाना प्रभारी श्रीमती मोनिका चौधरी, कोतवाली सदर बाजार प्रभारी रमेश चंद्र सिंह, चौकी प्रभारी राजीव गौड़ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीओ द्वितीय रामकरण सिंह ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के प्रति आवाज उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन व प्रशासन महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति सजग है। इसलिए किसी भी विषम परिस्थिति में महिलाएं व छात्राएं महिला हेल्प नम्बर पर कॉल करके सहायता मांग सकती हैं। पुलिस विभाग द्वारा तुरंत सुरक्षा व सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने छात्राओं से वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करने व दूसरों को भी नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करने की अपील की। महिला थाना प्रभारी मोनिका चौधरी, सदर बाजार कोतवाली प्रभारी रमेश चंद्र सिंह व चौकी प्रभारी राजीव गौड ने छात्राओं को सभी हेल्प नम्बरों की प्रदान की तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। प्रधानाचार्य सुधीर जोशी ने भी छात्राओं से अपनी सुरक्षा प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद स्कूली छात्राओं ने महिला जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कनिष्क जोशी, संदीप शर्मा, शमा परवीण, सरिता, कंचन अरोड़ा, धरेंद्र, निधि, तबस्सुम, नितिका, विशाखा, पूनम आदि शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे।