अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने महिला को कुचला, दर्दनाक मौत

सहारनपुर [24CN]। थाना नागल क्षेत्रांतर्गत टपरी-सहारनपुर मार्ग पर ग्राम भाटखेड़ी के निकट लकड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना नागल क्षेत्रांतग्रत गांम भाटखेड़ी निवासी करीब 45 वर्षीय सुनीता पत्नी आजाद रात करीब 9.30 बजे सड़क किनारे स्थित अपने पति के साथ घेर से घर लौट रही थी। बताया जाता है कि जैसे ही वह घेर से बाहर निकली तभी नागल की ओर से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से घायल सुनीता को उपचार हेतु अस्पताल ले जा रहे थे परंतु रास्ते में ही सुनीता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक आगे जा रहे एक अन्य ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक कर रहा था जिससे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर महिला को अपनी चपेट में ले लिया। थाना प्रभारी सुभाष चंद गौतम ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।