NDA में शामिल होने के बाद राजभर का यू-टर्न, बोले- अब्बास अंसारी है सपा सदस्य, अखिलेश के कहने पर दिया था टिकट

NDA में शामिल होने के बाद राजभर का यू-टर्न, बोले- अब्बास अंसारी है सपा सदस्य, अखिलेश के कहने पर दिया था टिकट

गाजीपुर : एनडीए गठबंधन में शामिल हुए 24 घंटे भी नहीं बीते हैं और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे और कासगंज जेल में बंद मऊ सदर से अपने विधायक अब्बास अंसारी को बड़ा झटका दिया है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ कर दिया कि अब्बास अंसारी समाजवादी पार्टी के सदस्य हैं। उन्हें सपा अध्यक्ष अखिलेश ने सुभासपा से चुनाव लड़ाने के लिए कहा था। राजभर से सवाल किया गया था कि सुभासपा के एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनने के बाद अब्बास अंसारी को लेकर भाजपा का क्या रुख होगा?

योगी आदित्यनाथ की सरकार मुख्तार अंसारी सहित प्रदेश के अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। राजभर के एनडीए में शामिल होने की खबर आते ही सवाल उठने लगे थे कि अब्बास का क्या होगा?

अब्बास ने दर्ज की थी जीत

सुभासपा ने सपा के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा था। पार्टी के 19 उम्मीदवारों में अब्बास सहित छह ने जीत हासिल की थी। अब्बास ने भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह को 38,000 से ज्यादा वोटों से हराया था।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी के अनुसार राजभर ने साफ कर दिया है कि अब्बास ने सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह सपा सदस्य हैं। मुख्तार अंसारी, उसके रिश्तेदार और अतीक अहमद के परिवार के सदस्यों के लिए राजग में कोई जगह नहीं है।

माफिया और अपराध के प्रति भाजपा की नीति जीरो टालरेंस की है और हम इससे कोई समझौता नहीं करेंगे। हालांकि गठबंधन की बात सामने आने के बाद ओमप्रकाश राजभर के बेटे और पार्टी महासचिव अरुण राजभर ने कहा था कि अब्बास अंसारी ने सुभासपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था।