गुजरात में मंत्री के बेटे को सबक सिखाने वाली कॉन्स्टेबल के खिलाफ दो और जांचें शुरू

गुजरात में मंत्री के बेटे को सबक सिखाने वाली कॉन्स्टेबल के खिलाफ दो और जांचें शुरू

सूरत
गुजरात में मंत्री कुमार कनाणी के बेटे प्रकाश को लॉकडाउन के उल्लंघन को लेकर आड़े हाथों लेने वाली पुलिस कॉन्स्टेबल सुनीता यादव की मुसीबतें और बढ़ गई हैं। उसके खिलाफ दो और जांचों का आदेश दिया गया है। इससे पहले उसके खिलाफ एक जांच चल रही थी। अब सुनीता के खिलाफ कुल मिलाकर तीन जांचे हो गई हैं। इधर सुनीता यादव ने दावा किया है कि उसने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

सुनीता के ऊपर आरोप लगा है कि वह लोगों को सड़क पर उठक-बैठक कराती थी। इस बात को लेकर उसके खिलाफ जांच शुरू की गई हैं। वहीं दूसरा आरोप उनके ऊपर बीते 9 जुलाई से अपनी ड्यूटी से गायब होने का लगा है। इसके अलावा उसके खिलाफ मंत्री के बेटे को फटकार लगाने की जांच पहले से चल रही है।

सुनीता पर लगे हैं तीन आरोप
सुनीता के खिलाफ जांच के आदेश सूरत पुलिस कमिश्नर आरबी ब्रह्मदत्त ने दिए हैं। कहा जा रहा है कि 8 जुलाई को मंत्री के बेटे के साथ हुए विवाद के अगले दिन 9 जुलाई से सुनीता ड्यूटी पर नहीं जा रही हैं। सुनीता यादव ने कहा कि वह अपने पद से इस्तीफा दे चुकी हैं।
सुनीता को दी गई सुरक्षा
सुनीता यादव के खिलाफ तीनों आरोपों की जांच असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर जेके पांड्या कर रहे हैं। वहीं सुनीता ने अपनी जान को खतरा बताया था इसलिए उसे सुरक्षा के लिए दो सशस्त्र गार्ड दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर बोले, नहीं दे सकतीं इस्तीफा
सुनीता ने कहा था, ‘मुझे मेरे वरिष्ठ अधिकारियों से सहयोग नहीं मिला, लिहाजा मैंने इस्तीफा दे दिया। मैं एक सिपाही के तौर पर अपना काम कर रही थी। यह हमारी व्यवस्था का दोष है कि ऐसे लोग (मंत्री के बेटे जैसे) सोचते हैं कि वे वीवीआईपी (अति विशिष्ट लोग) हैं।’ वहीं पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सुनीता से पूछताछ अभी भी जारी है। तकनीकी रूप से फिलहाल वह इस्तीफा नहीं दे सकतीं।


विडियों समाचार