धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो आरोपी किए गिरफ्तार
- सहारनपुर में बेहट पुलिस द्वारा दबोचे गए धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी।
बेहट [24CN]। कोतवाली बेहट पुलिस ने दूसरे धर्म के व्यक्तियों को बहला-फुसलाकर व धन का प्रयोग कर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार बेहट कोतवाली प्रभारी बृजेश पांडेय व उपनिरीक्षक रामकिशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बेहट कोतवाली में उत्तर प्रदेश में धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश 2020 की धारा-3/5(1) व 506 आईपीसी में नामजद के मामले में दो आरोपियों अनिल पुत्र भरतसिंह निवासी नथमलपुर थाना चिलकाना व अजय कुमार पुत्र सतपाल निवासी गांव अब्दुल्लापुर थाना बेहट को अब्दुल्लापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बेहट कोतवाली प्रभारी बृजेश पांडेय ने बताया कि दबोचे गए आरोपी अनिल व अजय के खिलाफ दूसरे धर्म के व्यक्तियों को बहला-फुसलाकर व धन का प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने तथा मना करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के सम्बंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।
