ईरान की पूरी लीडरशिप, Navy…एयरफोर्स और मिसाइलें सब खत्म कर दिया, हमने रिजीम चेंज कर दिया; ट्रंप का बयान

ईरान की पूरी लीडरशिप, Navy…एयरफोर्स और मिसाइलें सब खत्म कर दिया, हमने रिजीम चेंज कर दिया; ट्रंप का बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ईरान युद्ध पर दुनिया को संबोधित किया। उन्होंने ईरान में अपना मिशन पूरा करने और जीत का दावा किया। ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान की पूरी लीडरशिप को खत्म कर दिया…सारे बड़े ईरानी नेता मारे जा चुके, उनकी नेवी और एयरफोर्स को नष्ट कर दिया। साथ ही परमाणु बम और मिसाइल बनाने की क्षमताओं को खत्म कर दिया। ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान में रिजीम चेंज कर दिया है। अब ईरान में नया शासन है, जो अमेरिका से युद्ध विराम की अपील कर रहा है। वह डील चाहते हैं।

अब ईरान अमेरिका को धमकी नहीं दे सकताः ट्रंप

ट्रंप ने कहा- जैसा कि मैंने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की घोषणा में कहा था। हमारे उद्देश्य बहुत सरल और स्पष्ट हैं। हम व्यवस्थित रूप से उस शासन (ईरान) की क्षमता को नष्ट कर रहे हैं ताकि वह अमेरिका को धमकी न दे सके या अपनी सीमाओं के बाहर ताकत न दिखा सके। इसका मतलब है ईरान की नौसेना को खत्म करना, जो अब पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है, उनकी वायुसेना और मिसाइल कार्यक्रम को पहले कभी न देखे गए स्तर पर क्षति पहुंचाई है और उनके रक्षा औद्योगिक आधार को पूरी तरह से मिटा दिया है। ये सब हमने किया है। उनकी नौसेना चली गई, उनकी वायुसेना चली गई, उनकी मिसाइलें चली गईं। लगभग खत्म हो चुकी हैं या हार चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका का ऑपरेशन जारी रहेगा और अगले 2 से 3 हफ्ते में जंग खत्म हो जाएगी।

ईरान को कुचल दिया गया है, परमाणु बम बनाने की क्षमता नष्ट कर दी हैः ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को पूरी तरह कुचल दिया है। इन सभी कार्रवाइयों से उनके परमाणु बम बनाने की क्षमता को खत्म कर दिया गया है। अब आतंकवादी प्रॉक्सी को समर्थन देने की उनकी क्षमता भी नष्ट हो चुकी है। हमारे सशस्त्र बल अद्भुत हैं। सैन्य रूप से ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हर कोई इसके बारे में बात कर रहा है और आज रात मुझे खुशी है कि कह सकूं कि ये मुख्य रणनीतिक उद्देश्य पूरे होने वाले हैं। जब हम इस प्रगति का जश्न मना रहे हैं, तो हम खास तौर पर उन 13 अमेरिकी योद्धाओं को याद करते हैं, जिन्होंने अपनी जान दे दी। ताकि हमारे बच्चे कभी ईरान के परमाणु हथियारों का सामना न करें। इस महीने दो बार मैं डोवर एयर फोर्स बेस गया और यह कुछ खास था। मैं उन नायकों के साथ होना चाहता था जब वे अमेरिकी धरती पर लौट रहे थे। मैं उनके और उनके परिवारों, माता-पिता, पत्नियों, पतियों के साथ था। हम उन्हें सलाम करते हैं, और अब हमें उन्हें सम्मानित करने के लिए मिशन को पूरा करना चाहिए। जिस मिशन के लिए उन्होंने अपनी जान दी, और उनके हर प्रियजन ने कहा – प्लीज सर, प्लीज जॉब खत्म कर दीजिए। हर एक ने कहा। और हम वो जॉब खत्म करने जा रहे हैं और बहुत तेजी से खत्म करने जा रहे हैं। हम बहुत करीब हैं।

इजरायल और मिडिल-ईस्ट का किया धन्यवाद

ट्रंप ने कहा कि मैं मध्य पूर्व में हमारे सहयोगियों इजरायल, सऊदी अरब, कतर, यूएई, कुवैत और बहरीन का धन्यवाद करना चाहता हूं। वे शानदार रहे हैं और हम उन्हें किसी भी तरह से नुकसान नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि कई अमेरिकियों को घर पर हाल ही में पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी देखकर चिंता हुई है। यह अल्पकालिक बढ़ोतरी पूरी तरह से ईरानी शासन द्वारा व्यावसायिक तेल टैंकरों और पड़ोसी देशों पर किए गए पागलपन भरे आतंकवादी हमलों का नतीजा है, जिनका इस संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है। यह और सबूत है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं सौंपे जा सकते। वे उनका इस्तेमाल करेंगे और बहुत जल्दी करेंगे। इससे दशकों तक ब्लैकमेल, आर्थिक दर्द और अस्थिरता होगी, जो हम कल्पना भी नहीं कर सकते। संयुक्त राज्य अमेरिका इस खतरे का सामना करने के लिए आर्थिक रूप से पहले से कहीं बेहतर तैयार है। आप सब जानते हैं। हमने इतिहास की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई है। हम अभी भी उस दौर से गुजर रहे हैं। इतिहास की सबसे मजबूत। ट्रंप ने कहा कि मुझे कहना पड़ रहा है, लेकिन पिछली सरकार के बाद हम मृत और लाचार देश बन गए थे। हमने इस मृत और लाचार देश को दुनिया का सबसे तरोताजा और गर्मागर्म देश बना दिया।

अमेरिका को नहीं चाहिए होर्मुज और मिडिल-ईस्ट का तेल

ट्रंप ने अपने संबोधन को कहा कि अमेरिका को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं चाहिए। अमेरिका को मिडिल-ईस्ट से तेल नहीं चाहिए। हमारे पास तेल और गैस का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से लगभग कोई तेल आयात नहीं करता और भविष्य में भी नहीं करेगा। हमें इसकी जरूरत नहीं है। हमने ईरान को पूरी तरह से हरा दिया है और नष्ट कर दिया है। वे सैन्य, आर्थिक और हर तरह से तबाह हो चुके हैं। और दुनिया के वे देश जो होर्मुज से तेल लेते हैं, उन्हें उस जलमार्ग की देखभाल करनी चाहिए। उन्हें इसे संजोना चाहिए, उसकी रक्षा करनी चाहिए। जाकर सीधे उस जलडमरूमध्य को ले लो, उसकी रक्षा करो, खुद इस्तेमाल करो। ईरान मूल रूप से तबाह हो चुका है। मुश्किल काम हो चुका है, इसलिए अब आसान होना चाहिए। और वैसे भी, जब यह संघर्ष खत्म हो जाएगा, तो जलडमरूमध्य अपने आप खुल जाएगा। वे तेल बेचना चाहेंगे क्योंकि उनके पास दोबारा बनाने के लिए बस यही है। धीरे-धीरे तेल की कीमतें कम हो जाएंगी।


Leave a Reply