परेशान किसान ने विद्युत विभाग के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर कराई शिकायत दर्ज
सहारनपुर [24CN]। रामपुर मनिहारान तहसील की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत जड़ौदा पांडा के मजरे किशनपुरा में खेतों के ऊपर से गुजर रही एचटी की पुरानी विद्युत लाईन के जर्जर तारों को किसान के 12 वर्षों के प्रयास के बाद भी नहीं बदला जा सका। किसान द्वारा 15 तहसील दिवसों में शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों क्षेत्रों में बिजली के जर्जर तार आज भी खेतों के ऊपर से गुजर रहे हैं। बिजली के इन जर्जर तारों से किसान परेशान हैं। खेतों में तैयार फसलों की सुरक्षा की चिंता से किसानों की रातों की नींद उड़ी हुई है। तनिक भी हवा चल जाती है तो किसान के होश उड़ जाते हैं। लगभग 15 वर्षों से इस विद्युत लाईन के तार इसी तरह झूलते दिखाई दे रहे हैं। साठ साल पुरानी विद्युत लाइन को लेकर विद्युत विभाग व जिला प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही तारों को बदला गया।
पीडि़त किसान प्रशांत त्यागी पुत्र ईश्वर चंद त्यागी 2010 से लगातार विद्युत विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक विद्युत तार बदलवाने के लिए गुहार लगा चुके हैं। इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग के टोल फ्री नम्बर 1912 तथा रामपुर मनिहारान में तहसील दिवस में 15 बार आवेदन दे चुके हैं लेकिन पीडि़त किसान के आवेदनों पर न तो कोई सुनवाई हुई और न ही कोई कार्यवाही हुई। बिजली के इन जर्जर तारों से चिंगारी निकलने से किसान ईश्वर चंद त्यागी की गन्ने की फसल में कई बार आग लग चुकी है।
इसके अलावा इस लाइन के तार टूटने से बालेश्वर पुत्र गंगाराम की रास्ते से गुजरते हुए भैंसा बुग्गी में आग लगने के कारण भैंसे की मौत हो गई थी। इन पीडि़त किसानों को आज तक सरकार की ओर से कोई मुआवजा नहीं मिला। पीडि़त किसान प्रशांत ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि शायद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दया आ जाए और उनकी समस्या का समाधान करा दें।
विद्युत विभाग के रामपुर मनिहारान के एक्सईएन वी. के. राजपूत का कहना है कि जेई को भेजकर लाईन का सर्वे कराकर इस्टीमेट बनवाया जाएगा और पैसा आने पर एचटी लाईन के जर्जर तारों को बदलने का काम किया जाएगा।
