ऑपरेशन सिंदूर के उपलक्ष में देवबन्द में भी निकाली तिरंगा यात्रा

ऑपरेशन सिंदूर के उपलक्ष में देवबन्द में भी निकाली तिरंगा यात्रा
राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया यात्रा शुभारम्भ

सहारनपुर के देवबंद में तिरंगा यात्रा निकालते भाजपाई।

देवबन्द। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष में देवबंद विधानसभा के क्षेत्र वासियों द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उ.प्र. के लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने सुभाष चैक पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत माता की जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।

राज्यमंत्री के साथ क्षेत्र के सर्वसमाज के सम्मानित साथी भारत माता की जयकारों के साथ तिरंगा हाथ में लेकर उल्लास और जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा को भव्यता प्रदान करते रहे। तिरंगा यात्रा डाक बंगला चैक से होते हुए मेला गेट के रास्ते शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करके सम्पन्न हुई। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राज्यमंत्री कुँवर बृजेश सिंह ने कहा कि देश के वीर शहीदों ने अपने प्राण न्यौछावर कर हमें आजादी दिलाई थी और उसके बाद देश की अखंडता और स्वाभिमान को बनाए रखने में हमारी सेना ने 1947 से लगातार अपने वीरता और पराक्रम का परिचय दिया है। जब कभी भी दुश्मन ने देश की सीमाओं पर छेडख़ानी करने का प्रयास किया है, सेना ने अपने पराक्रम से दुश्मनों को नेस्तानाबूद करने का कार्य किया है।  पहलगाम हमले के बाद आतंकियों को उनकी औकात दिखाते हुए भारतीय सेना ने उन्हें उनके घर में घुसकर मारा है, यह देश की सेना का देश के प्रति जज्बे को दर्शाता है। उन्होंने देशवासियों द्वारा अपनी सेना को समर्पण सहयोग एवं समर्थन देते हुए उनके सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।

आज देवबंद विधानसभा के हजारों राष्ट्रभक्त एकजुट होकर अपनी सेना को नमन करते हैं और उनके इस पराक्रम पर उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि सेना का मनोबल प्रधानमंत्री ने हमेशा सीमा पर जाकर बढ़ाने का काम किया है और उनकी जरूरत और देश की रक्षा जरूरत को ध्यान में रखते हुए कभी धन की कोई कभी नहीं आने दी जिससे आज देश विश्व में ताकतवर से ना बनकर खड़ी है और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सदैव आगे रहती है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र सैनी ने सभी का आभार जताते हुए इस तिरंगा यात्रा की भव्यता के लिए समस्त क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया।