पुण्यतिथि पर चौ. यशपाल सिंह को किए श्रद्धासुमन अर्पित

पुण्यतिथि पर चौ. यशपाल सिंह को किए श्रद्धासुमन अर्पित
  • सहारनपुर में सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौ. यशपाल सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते सपाई।

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिग्गज किसान नेता चौ. यशपाल सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर नमन किया तथा चौ. यशपाल सिंह के सिद्धांतों व आदर्शों का अनुसरण कर समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सपाइयों ने पूर्व काबीना मंत्री व पूर्व सांसद चौ. यशपाल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश पंवार व जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी ने कहा कि चौ. यशपाल सिंह केवल राजनीतिज्ञ ही नहीं थे बल्कि राजनीति की सम्पूर्ण पाठशाला थे जिन्होंने आजीवन ईमानदारी, निष्ठा व सादगी के साथ राजनीति के माध्यम से सर्वसमाज की सेवा कर अपना विशेष मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि चौ. यशपाल सिंह ने चार दशक तक विधानसभा व लोकसभा में जनता का प्रतिनिधित्व करते हुए सर्वसमाज के दिलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। वहीं राजनीति में आदर्शों को स्थापित करने का भी काम किया।

उन्होंने कहा कि चौ. यशपाल सिंह के आदर्शों का अनुसरण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सपा नेत्री व पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन लता, महिला सभा की जिलाध्यक्ष महजबी खान, जिला उपाध्यक्ष नवाब गुर्जर व चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि चौ. यशपाल सिंह पहली बार नकुड़ विधानसभा सीट से 1962 में विधायक चुने गए थे जिसके बाद उन्होंने पांच बार विधानसभा, एक बार विधान परिषद व एक बार लोकसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। साथ ही नारायण दत्त तिवारी, विश्वनाथ प्रताप सिंह व श्रीपति मिश्रा के मंत्रिमंडल में कृषि, सहकारिता, आबकारी व चीनी मिल जैसे विभागों की जिम्मेदारी का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि चौ. यशपाल सिंह के सानिध्य में अनेक लोगों ने राजनीति के गुर सीखे। उन्होंने कहा कि भले ही चौ. यशपाल सिंह आज भौतिक रूप से हमारे बीच में नहीं हैं परंतु अपने आदर्शों व सिद्धांतों व किए गए कार्यों के बल पर आज वे जनता के दिलों में जिंदा हैं।

इस दौरान सपा जिला सचिव कुलदीप यादव, चौ. कंवरपाल गुर्जर, हसीन कुरैशी, सचिन शर्मा, हनीफ तेली, वसीम अंसारी, दीपक यादव, वेदपाल पटनी, मुस्तफा नवाजपुर, विशाल यादव, सुधांशु गुर्जर, लक्ष्य तोमर, सचिन कश्यप, सत्यपाल कश्यप, राजेश कश्यप, राजेश सैनी बड़कला, उमर अली आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर चौ. यशपाल सिंह की जन्मस्थली कस्बा तीतरो की धीरज वाटिका स्थित उनकी समाधि पर भी हवन कर चौ. यशपाल सिंह को याद किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया तथा चौ. यशपाल सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इस दौरान चौ. रूद्रसैन ने कहा कि उनकी विचारधारा व उनके आदर्शों का अनुसरण ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। चौ. इंद्रसैन ने कहा कि उनके पिताजी चौ. यशपाल सिंह ने आजीवन अपनी विचारधारा व आदर्शों को लेकर कभी कोई समझौता नहीं किया। इस दौरान योगेंद्र चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, राजू चौधरी, परीक्षित चौधरी, कटार सिंह, ओमप्रकाश भाटी, संतर पाल सिंह, ऋषिपाल प्रमुख, अरविंद, नरेंद्र, प्रदीप, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।