शोकसभा आयोजित कर चौ. अजित सिंह को किए श्रद्धासुमन अर्पित

- सहारनपुर में चौ. अजित सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । राष्ट्रीय लोकदल की बैठक में किसानों के मसीहा व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. अजित सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया तथा उनके आदर्शों व सिद्धांतो का अनुसरण करते हुए राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। स्थानीय देहरादून चौक स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह पर आयोजित शोकसभा में रालोद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. अजित सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शोकसभा को सम्बोधित करते हुए रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि चौ. अजित सिंह का निधन किसान राजनीति के युग का अंत है। चौ. अजित सिंह ने सदैव सडक़ से लेकर संसद तक अपने राजनीतिक जीवन में किसानों व मजदूरों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह अंतिम सांस तक किसानों की भलाई के लिए लड़ते रहे। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह के निधन से जो अपूर्णीय क्षति हुई है उसे पूरा कर पाना असम्भव है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों व मजदूरों को जयंत चौधरी के रूप में एक आशा की किरण नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह के पदचिन्हों पर चलकर रालोद को मजबूत बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। फखरूल इस्लाम व हरपाल वाल्मीकि ने कहा कि चौ. अजित सिंह के चार दशक के राजनीतिक जीवन में कोई भी घटनाक्रम ऐसा नहीं है जो उनके चरित्र पर दाग लगा सके। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह का राजनीतिक जीवन ईमानदारी, सादगी व व्यवहार कुशलता के रूप में जाना जाता है तथा उन पर किसी प्रकार का भ्रष्टाचार व अनैतिक कार्य का कोई आरोप नहीं लगा जो उनकी महानता को दर्शाता है। शोकसभा में भूरा मलिक, सतपाल कालड़ा, शोकीन राणा, राव फरमान, आसिफ, मनोज वर्मा, महफूज मलिक, स. हरप्रीत सिंह, आबिद अंसारी आदि मौजूद रहे।