shobhit University Gangoh
 

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, तीन दोस्तों की मौत, एक ही कार में थे सवार

उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मौके पर ही तीन दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मीरपुर निवासी आशू, सोनू पुत्र हरपाल, महेश पुत्र हरस्वरूप तीनों दोस्त स्विफ्ट डिजायर कार से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मुरादनगर जा रहे थे। जब ये रटौल अंडरपास के पास पहुंचे तो वहां रेत से भरे ट्रक से उनकी कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

उधर, हादसे के बाद राहगीर घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लेकिन तीनों शव कार में बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद राहगीरों और खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने बमुश्किल शवों को कार से बाहर निकाला।

वहीं आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई। पुलिस ने मीरपुर गाजियाबाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर उनके परिजन एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, जहां मृतक आशू के छोटे भाई नीशू ने बताया कि तीनों दोस्त घर से शनिवार सुबह निकले थे। वहीं पुलिस को कार से एक लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

Jamia Tibbia