यातायात पुलिस ने काटा बुलेट बाइक का चालान

- सहारनपुर में बुलेट बाइक को सीज करते यातायात उपनिरीक्षक।
सहारनपुर। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए चैकिंग अभियान के तहत कोर्ट रोड पर साइलेंसर से पटाखे छोड़कर लोगों का सिरदर्द बनी बुलेट बाइक को सीज किया गया।
उल्लेखनीय है कि यातायात पुलिस द्वारा नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है ताकि लोगों को यातायात के प्रति जागरूक करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसी कड़ी में यातायात प्रभारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में महानगर में अनेक स्थानों पर वाहन चैकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत कोर्ट रोड पर यातायात उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा साइलेंसर से पटाखे छोड़ रही एक बुलेट बाइक को सीज किया गया। यातायात उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक चालक द्वारा बाइक के साइलेंसर से पटाखे छोड़े जा रहे थे। उन्होंने बताया कि यह चैकिंग अभियान पूरे माह जारी रहेगा।