ऑनलाइन ट्रेडिंग के खिलाफ व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

ऑनलाइन ट्रेडिंग के खिलाफ व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में एडीएम को ज्ञापन देने जाते व्यापारी।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर ऑनलाइन ट्रेडिंग से हो रहे व्यापारियों के उत्पीडऩ पर अंकुश लगाए जाने की मांग की।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारी प्रदेश महामंत्री स. जसवंत बतरा व प्रांतीय उपाध्यक्ष अनिल त्यागी के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन ट्रेडिंग से हो रहे व्यापारियों के उत्पीडऩ को रोकने की मांग की।

उनका कहना था कि ऑनलाइन ट्रेडिंग की वजह से व्यवसाय धीरे-धीरे कमजोर पडऩे लगा है। जो स्थानीय व्यापारी व खुदरा व्यापार के लिए एक अभिशाप बनता जा रहा है। उनका कहना था कि ऑनलाइन ट्रेडिंग की वजह से व्यापार में कमी आई है और व्यापारियों से सामान नहीं खरीदा जा रहा है। इस कारण पूरे देश के सात करोड़ व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं।

मंडल अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग पर जीएसटी के अलावा 20 प्रतिशत विकास कर लागू किया जाए और आने वाले समय में ऑनलाईन ट्रेडिंग के लिए पंजीकरण बंद किया जाए और व्यापारियों को ऑनलाइन ट्रेडिंग से निजात दिलाई जाए। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुभाष सिंघल, युवा जिलाध्यक्ष मनोज प्रजापति, जिला मंत्री अमित शर्मा समेत भारी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।