विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे व्यापारी

विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे व्यापारी
  • सहारनपुर में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते व्यापारी।

सहारनपुर [24CN]। सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं के खिलाफ जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को सम्बोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर पेट्रोल व डीजल की कीमतों में की गई बेतहाशा वृद्धि को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिस तरह पेट्रोल-डीजल के दामों में अधिकतम टैक्स लगाकर जो वृद्धि की गई है उससे व्यापारी वर्ग में काफी रोष है। उनका कहना था कि कोरोनाकाल में जिस प्रकार व्यापारी की आर्थिक स्थिति मंदी के कारण कमजोर पड़ी है। ऐसी स्थिति में पेट्रोल व डीजल महंगा कर सरकार व्यापारी की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है जिसे सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने मांग की कि पेट्रोल व डीजल की कीमतों में की गई वृद्धि को वापस लेने के साथ ही पेट्रोल की कीमत में कम से कम 30 रूपए कम की जाए ताकि व्यापारी वर्ग अपने आने-जाने के संसाधनों को चलाने में सक्षम रहे तथा उस पर सरकार द्वारा टैक्स वृद्धि कर कोई अन्य भार न थोपा जाए। प्रदर्शनकारियों में जिलाध्यक्ष राजेश गुलाटी, प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन वर्मा, विनय अरोड़ा, राजू सुखीजा, नवीन अग्रवाल, सुमित सडाना, वीरेंद्र बहल, संदीप चौधरी, आदर्श भंडारी, मोनू कुमार, मनोज विज, नीरज कपिल, आशु वोहरा, प्रिंस गर्ग, गौरव गहलोत, कृष्णा आदि व्यापारी शामिल रहे।