व्यापारियों ने समस्याओं को लेकर किया नगर निगम पर जोरदार प्रदर्शन

- सहारनपुर में नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी करते व्यापारी।
सहारनपुर [24CN]। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रांतीय उपाध्यक्ष विमल विरमानी के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की समस्या का समाधान कराने की मांग की। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी ने प्रांतीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष विरमानी के नेतृत्व में एकत्र होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे तथा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष विमल विरमानी ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम का गठन 2007 में किया गया था तथा नगर निगम के सुनियोजित विकास के लिए प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप सहारनपुर नगर निगम का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया गया था परंतु वर्तमान में स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर सहारनपुर के मुख्य बाजारों व कालोनियों की जो दुर्दशा हो रही है उससे सहारनपुर का आम व्यापारी व जनता स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि आवासीय कालोनी व बाजारों में छोटे-छोटे टुकड़ों में खुदाई व निर्माण का कार्य होना चाहिए ताकि धन का अपव्यय रूक सके।
नगर निगम द्वारा चिन्हित किए गए नौ स्मार्ट पार्कों के पिछले एक वर्ष से रूके निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए। विरमानी ने कहा कि अम्बाला रोड पर डिवाइडर का निर्माण कुतुबशेर से अम्बाला रोड तक पूरा किया जाए तथा कुतुबशेर चौराहे को खोला जाए ताकि रेलवे स्टेशन से रायवाला चौक तक आवागमन सुचारू हो सके। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में वैंडर जोन बनाकर बाजारों को रेहड़ीमुक्त करने, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरूस्त करने, खराब लाइन को ठीक कराने, पुल जोगियान से बेहट बस अड्डे तक डिवाइडर के दोनों ओर की सडक़ों निर्माण मानक अनुरूप कराने, हाऊस टैक्स को एक निश्चित प्रतिशत से अधिक उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप बढ़ाया जाना चाहिए ताकि नगर निगम में इंस्पेक्टर राज समाप्त हो सके।
प्रदर्शनकारियों में वरिष्ठ जिला महामंत्री अनित गर्ग, महानगर अध्यक्ष स. गुरमेहर सिंह, रजत मित्तल, शांतनु ठकराल, स. तरणजीत सिंह बग्गा, स. गुरदीप सिंह मोंटी, प्रेमसागर ग्रोवर, सुबोध भाटिया, शशांक भाटिया, मनोज चितकारा, पंकज बजाज, यशपाल त्रेहन, विनीत विरमानी, राजन अरोड़ा, नरेंद्र गर्ग, अनूप मित्तल, मनोज गर्ग, आरिफ खान, वैभव भाटिया, अकरम सैफी, आरिफ कुरैशी, चंदन कालड़ा, आशीष वासन, विभु जैन, भारत वर्मा आदि सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।