shobhit University Gangoh
 

व्यापारियों ने की ऑनलाइन व ऑफलाइन दरें एक समान करने की मांग

व्यापारियों ने की ऑनलाइन व ऑफलाइन दरें एक समान करने की मांग
  • सहारनपुर में धरना स्थल पर नारेबाजी करते व्यापारी।

सहारनपुर [24CN]। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने राष्ट्रीय संगठन कैट के आह्वान पर नारेबाजी कर जिला मुख्यालय पर धरना दिया तथा ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों दरें एक समान करने तथा वाणिज्य कर विभाग द्वारा बनाए गए कानून को सख्ती से लागू करने की मांग की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए।

धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि ई-कॉमर्स कम्पनियों की मनमानी व अनैतिक व्यापार के संचालन से देश के कानून का उल्लंघन होने के साथ ही खुदरा व्यापारियों का व्यापार बर्बाद हो रहा है। उसी के निमित राष्ट्रीय संगठन पूरे देश में इस मुद्दे को प्रमुखता के साथ हल्लाबोल कार्यक्रम के तहत उठा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने वाणिज्य मंत्रालय को निर्देशित किया कि तमाम व्यापारियों के सुझाव लेकर वाणिज्य मंत्रालय द्वारा इस पर नियम बना दिए गए हैं परंतु उन्हें सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा है। इसलिए तमाम व्यापारिक संगठनों को अपनी एकजुटता का परिचय देना चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र भूषण गुप्ता ने कहा कि हम सब व्यापारी चाहते हैं कि ऑनलाइन व ऑफलाइन दरें एक समान होनी चाहिए जिससे खुदरा व्यापारी भी बच सके। सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। इस दौरान जिला महामंत्री डा. आदित्य राठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप सैनी, जिला कोषाध्यक्ष अमित मदान, जिला उपाध्यक्ष सुशील काम्बोज, जिला मंत्री पंकज मदनूकी, युवा जिला महामंत्री जौली प्रजापति, युवा जिला कोषाध्यक्ष दिव्यलोक त्यागी, प्रवीण मोहिद्दीनपुर, सतीश चौहान आदि मौजूद रहे।

Jamia Tibbia