26 जनवरी को तहसील-ब्लॉक स्तर पर निकलेगी ट्रैक्टर परेड: भाकियू
- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर किसान पंचायत को सम्बोधित करता वक्ता।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने कहा कि 26 जनवरी को जनपद में ट्रैक्टर परेड का आयोजन किया जाएगा, जो तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर निकाली जाएगी। उन्होंने यह घोषणा कलेक्ट्रेट स्थित खनन परिसर में आयोजित भाकियू की मासिक पंचायत को संबोधित करते हुए की।
चौधरी विनय कुमार ने कहा कि जनपद की टोडरपुर और गगनौली चीनी मिलों पर किसानों का गन्ना मूल्य बकाया है, जिसका शीघ्र भुगतान कराया जाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते भुगतान नहीं हुआ तो किसान बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
मंडल अध्यक्ष चौधरी अशोक कुमार ने कहा कि विद्युत समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करेंगे। वहीं जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी ने कहा कि किसानों को समय से खाद व उर्वरक नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन से मांग की कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर अमित मुखिया, भाग सिंह, हरपाल सिंह, मास्टर सत्यपाल, अजय कंबोज, मूसा प्रधान, प्रदीप, संजय चौधरी, बबली कंबोज, योगेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, विजेश, श्यामवीर सिंह, ओम कुमार शर्मा, अरुण राणा, मुकेश तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता ऋषि पाल आडवाणी ने की तथा संचालन चैधरी संजय सिंह ने किया।
