shobhit University Gangoh
 

आज योगी सरकार पेश करेगी अपने दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट, महिलाओं-युवाओं और किसानों के लिए हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं

आज योगी सरकार पेश करेगी अपने दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट, महिलाओं-युवाओं और किसानों के लिए हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं

उत्तर प्रदेश का बजट आज (11 फरवरी) सुबह 11 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा. इस बार का बजट कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि यह योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है. साल 2027 चुनावी वर्ष होगा, ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार इस बजट में आम जनता को ध्यान में रखते हुए कई बड़ी घोषणाएं कर सकती है.

वित्त मंत्री पेश करेंगे बजट

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे. अनुमान है कि इस बार राज्य का बजट करीब 9 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है. वहीं पिछले साल सरकार ने 8.08 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जबकि बाद में 24,496 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट भी लाया गया था. सरकार का फोकस खास तौर पर महिलाओं, युवाओं और किसानों पर रहने की संभावना है. चर्चा है कि महिलाओं के लिए नई योजनाएं या मौजूदा योजनाओं में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं. युवाओं के लिए रोजगार और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी घोषणाएं भी बजट का अहम हिस्सा हो सकती हैं.

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

किसानों की आय बढ़ाने को लेकर सरकार पहले से ही जोर देती रही है. ऐसे में कृषि क्षेत्र, सिंचाई, फसल सहायता और ग्रामीण ढांचे से जुड़े प्रावधानों की उम्मीद की जा रही है. सरकार का कहना है कि बजट 2026-27 को जनता की अपेक्षाओं, बदलती विकास जरूरतों और सुशासन की सोच को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसे समावेशी विकास, बेहतर बुनियादी ढांचा, रोजगार सृजन और सामाजिक क्षेत्र की मजबूती की दिशा में एक अहम दस्तावेज बताया जा रहा है. आपको बता दें कि बजट को लेकर औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. विधानसभा स्थित कार्यालय में बजट दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए जा चुके हैं.

कहां देखें बजट लाइव?

यूपी बजट की लाइव स्ट्रीमिंग कई प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी. यूपी विधानसभा और यूपी सरकार के यूट्यूब चैनलों पर इसे सीधा देखा जा सकेगा. इसके अलावा दूरदर्शन यूपी और अन्य क्षेत्रीय न्यूज चैनल भी इसका प्रसारण करेंगे.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बजट सत्र लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने विपक्ष से सहयोग की अपील की है और अपने विधायकों से पूरी तैयारी के साथ सदन में भाग लेने को कहा है.

Jamia Tibbia

Leave a Reply