विधनामंडल के मानसून सत्र का आज अंतिम दिन, सदन में दिखेगी सरकार व विपक्ष की रार

विधनामंडल के मानसून सत्र का आज अंतिम दिन, सदन में दिखेगी सरकार व विपक्ष की रार
  • उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के अंतिम दिन भी सरकार तथा विपक्ष की रार देखने को मिल सकती है। विपक्ष ने अपने मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की अपनी योजना बना रखी है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र में शुक्रवार को पांचवां तथा अंतिम दिन है। माना जा रहा है कि आज भी सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सरकार तथा विपक्ष में जोरदार बहस हो सकती है।

विधानमंडल के मानसून सत्र में आज अंतिम दिन विधायी कार्य के साथ आबकारी दिवस पर भी चर्चा होगी। आबकारी दिवस पर दिन में 11 बजे चर्चा संभावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सदन में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे।

सत्र के अंतिम दिन भी सरकार तथा विपक्ष की रार देखने को मिल सकती है। विपक्ष ने अपने मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की अपनी योजना बना रखी है।

इससे पहले गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानमंडल में एतिहासिक दिन रहा। पूरा सत्र महिलाओं के नाम रहा। महिला जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी और सभी ने उसको सुना। सदन से लेकर सड़क और यहां तक कि इंटरनेट मीडिया पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल को काफी सराहना मिली। देश के इतिहास में पहली बार पूरे एक दिन महिलाओं को समर्पित रही यूपी विधायिका की गूंज हर तरफ सुनने को मिली।

माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर पर हैशटैग योगीराज में आत्मनिर्भर नारी को यूजर्स ने हाथों-हाथ लिया। लगभग दो घंटे तक यह हैशटैग टाप ट्रेंड में बना रहा। इस हैशटैग को 194 मिलियन (19.4 करोड़) बार देखा गया, जबकि 15 मिलियन (1.5 करोड़) से ज्यादा बार यूजर इस ट्रेंड से सीधे जुड़े। वहीं, 16 हजार से भी ज्यादा बार इस ट्रेंड को ट््वीट किया गया।

विधान परिषद में पास हुए तीन विधेयक

विधानसभा के बाद विधान परिषद में भी गुरुवार को तीन विधेयक ध्वनिमत पास हो गए। इनमें उत्तर प्रदेश माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक-2022, सामान्य भविष्य निधि (उत्तर प्रदेश) नियमावली, 1985-नियम-12 (संशोधन और विधिमान्यकरण) विधेयक-2022 व इंटरमीडिएट शिक्षा (संशोधन) विधेयक-2022 शामिल हैं।