लोकतंत्र को बचाने के लिए सपा को जिताना जरूरी: रूद्रसैन

- सहारनपुर में जनसम्पर्क बैठक को सम्बोधित करते सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रदेश के साथ-साथ देश की जनता का भविष्य तय करेगा क्योंकि उत्तर प्रदेश से ही केंद्र सरकार का भाग्य निर्धारित होता है। उन्होंने जन एवं किसान विरोधी भाजपा को सत्ता से उखाडऩे के लिए सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताने का आह्वान किया।
सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने आज गंगोह विधानसभा क्षेत्र के सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी चौ. इंद्रसैन के समर्थन में गांव जानखेड़ा, सिखेड़ा, खंगावली, नैनखेड़ी, माजरी, राजपुर, नागल राजपूत आदि दर्जनों गांवों का तूफानी दौरा किया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यक विरोधी भाजपा संविधान व लोकतंत्र को समाप्त करने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा में हराना जरूरी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को भाजपा का एकमात्र विकल्प बताते हुए सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी चौ. इंद्रसैन को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की।
वरिष्ठ सपा नेता भूपेंद्र चौधरी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौ. नक्षत्र पाल सिंह ने कहा कि सपा की नीतियां ही किसान, मजदूर व गरीब जनता के हित में हैं। इसलिए सपा गठबंधन प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताकर उत्तर प्रदेश में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम करें। इस दौरान चौ. योगेंद्र, प्रवीण बांदूखेड़ी, संजय बहरामपुरा, जिला उपाध्यक्ष सोनू चौधरी, अमित कुमार, सोनू चौधरी, हनीफ तेली आदि मौजूद रहे।