राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों की बैठक, अधिक से अधिक वाद निस्तारण के निर्देश
- सहारनपुर में सिविल कोर्ट सभागार में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते जनपद न्यायाधीश।
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहारनपुर के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार की उपस्थिति में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्यायिक अधिकारियों के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को नियत कर उनका निस्तारण कराया जाए ताकि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो सके और आम नागरिकों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए नियत किया जाए, उनकी शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित की जाए, जिससे वादकारी न्यायालय में उपस्थित होकर अपने मामलों का आसानी से निस्तारण करा सकें। बैठक में न्यायिक अधिकारियों से लोक अदालत को प्रभावी और सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
