भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए गौशालाओं को भव्य बनाने की जरूरत: सहजानंद

भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए गौशालाओं को भव्य बनाने की जरूरत: सहजानंद
  • सहारनपुर में गौशाला समिति की बैठक को सम्बोधित करते शंकराचार्य आश्रम के प्रभारी सहजानंद ब्रह्मचारी।

सहारनपुर [24CN]। अखिल भारतीय संत संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सिद्ध भैरव तंत्राचार्य महंत सहजानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए गौशालाओं को भव्य, दिव्य तथा देशी गौवंश के संरक्षण व संवद्र्धन के लिए स्वावलम्बी बनाना आज समय की जरूरत है जिसके लिए एक विशेष वैज्ञानिक तथा तकनीकी आधार की आवश्यकता है जो एक शोध का विषय है।

शंकराचार्य आश्रम के प्रभारी महंत सहजानंद ब्रह्मचारी आज यहां नुमाइश कैम्प शमशान घाट स्थित गौशाला में आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को गौवंश के संरक्षण व संवद्र्धन के लिए आगे आना चाहिए। शिवपुरी सुधार समिति के अध्यक्ष कृष्णलाल ठक्कर ने कहा कि सहजानंद ब्रह्मचारी के सानिध्य तथा महाराज सिंह कालेज की गौविज्ञान टीम के निर्देशन में यह गौशाला एक विशेष आयाम स्थापित करेगी।

संस्था के महामंत्री राजकुमार जौली ने कहा कि हम गौशाला को केवल धर्म से न जोड़ते हुए बल्कि वैज्ञानिक आधार बनाते हुए समाज में अग्रसारित करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। गौविज्ञान शोध समूह के अध्यक्ष डा. दिनकर मलिक ने कहा कि इस गौशाला को भव्य तथा दिव्य बनाने के संकल्प की प्रतिपूर्ति के लिए गौविज्ञान शोध समूह के सभी शिक्षकों, शोधार्थी तथा छात्रों को पूर्ण समर्थन के साथ कार्य करने की आवश्यकता है जिसमें संतों का आशीर्वाद एक संजीवनी की तरह काम करेगा।

बैठक को महाराज सिंह डिग्री कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष वैभव शर्मा, प्राचार्य डा. ए. के. डिमरी व विभाग संगठन मंत्री विनीत ऋषि ने भी सम्बोधित किया। बैठक में अभाविप के जिला संयोजक आशु वालिया, डा. कपिल वत्स, वंदन कौशिक, शुभम गोयल, श्रवण सैनी, अक्षत धीमान, दुष्यंत चौधरी, गौरव कपिल आदि मौजूद रहे।