जीवन को सुरक्षित रखने के लिए कानूनों का ज्ञान होना जरूरी: सुमिता

- सहारनपुर में पुवांरका विकास खंड में महिला को प्रमाण पत्र सौंपती प्राधिकरण सचिव श्रीमती सुमिता।
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सुमिता ने कहा कि जीवन को अगर सुरक्षित रखना है तो हमें कानूनों का ज्ञान होना बहुत जरूरी है। श्रीमती सुमिता आज पुवांरका विकास खंड में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार दिए गए हैं, लेकिन नागरिक इनका लाभ नहीं उठा पाते। कन्या भ्रूण हत्या, पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा आदि अनेक अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि स्वावलम्बन के लिए पीएनबी आरसेटी से नि:शुल्क प्रशिक्षण हासिल कर महिलाएं स्वावलम्बी बनें। खंड विकास अधिकारी नीरू मलिक ने स्वरोजगार स्थापना के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व स्वयं सहायता समूह संगठन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक संतोष कुमार ने बैंकिंग सेवाओं के दौरान सतर्क रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आरसेटी प्रशिक्षक अमित कुमार चौबे, वित्तीय साक्षरता केंद्र प्रभारी सैयद शान हुसैन, सहायक खंड विकास अधिकारी अश्विनी शर्मा, राजकुमार गुप्ता, एडीओ कृषि अमरपाल सिंह, ब्लाक मिशन प्रबंधक, राजेंद्र कुमार, कामना देवी व अनिल कुमार ने भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान खंड विकास क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सैंकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।