TMC सांसद महुआ मोइत्रा पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट, कुत्ते हेनरी की मांगी कस्टडी; कौन है असली मालिक?
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने पालतू रॉटविलर कुत्ते ‘हेनरी’ की कस्टडी मांगने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस मनोज कुमार ओहरी ने प्रतिवादी वकील जय अनंत देहाद्रई को नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगा है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल के लिए तय की है
हर महीने 10 दिनों की कस्टडी मांगी थी
महुआ मोइत्रा ने साकेत कोर्ट के 10 नवंबर, 2025 के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें हर महीने हेनरी की 10 दिनों की कस्टडी देने से इंकार कर दिया गया था। मोइत्रा का तर्क है कि निचली अदालत का यह आदेश कानून और तथ्यों की दृष्टि से गलत है।
याचिका में कहा गया है कि हेनरी मुख्य रूप से महुआ मोइत्रा के साथ ही रहता था। वह देहाद्रई के पास केवल तब रहता था, जब सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के आधिकारिक कार्यों के सिलसिले में दिल्ली से बाहर होती थीं। मोइत्रा ने हेनरी के साथ अपने लगाव और उसकी देखभाल के अधिकार का हवाला देते हुए कस्टडी की मांग की है।
हेनरी का मालिक कौन है?
सुनवाई के दौरान वकील जय अनंत देहाद्रई खुद अदालत में पेश हुए थे। उन्होंने कोर्ट से आग्रह किया था कि इस याचिका को शुरुआत में ही खारिज कर दिया जाना चाहिए। देहाद्रई का दावा है कि उन्होंने हेनरी को 2021 में खरीदा था और वह उसके असली मालिक हैं।
यह विवाद पिछले काफी समय से चर्चा में है। इससे पहले, सितंबर 2024 में दिल्ली हाई कोर्ट ने देहाद्रई की उस अपील पर मोइत्रा को नोटिस जारी किया था, जिसमें निचली अदालत ने देहाद्रई को इस मामले को सार्वजनिक न करने का निर्देश दिया था।
