shobhit University Gangoh
 

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिरों में किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिरों में किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
  • सहारनपुर में डाक कांवड़ ले जाते कांवडि़ए।

सहारनपुर। भारतीय संस्कृति में आस्था व विश्वास के प्रतीक महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल दिखाई पड़ रहा है। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा महानगर के विभिन्न शिवालयों को सजाया गया है ताकि कल (आज) भक्तिभाव के साथ भगवान आशुतोष शिवशंकर का जलाभिषेक किया जा सके।

गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में फाल्गुन मास की कृष्णपक्ष की चतुर्दशी को श्रद्धालुओं द्वारा महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को ही भगवान शिव का मां-पार्वती के साथ पानिग्रहण संस्कार हुआ था तभी से सनातन धर्म के अनुयायियों द्वारा प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की परम्परा चली आ रही है। कल (आज) मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर एक ओर जहां जिला प्रशासन द्वारा महानगर में आने वाले बाहरी मार्गों का रूट डायवर्जन किया गया है। जबकि महानगर के सभी प्रमुख शिवालयों को रंगबिरंगी लाइटों से सजाने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेटिंग भी लगाई गई है ताकि श्रद्धालु कटारबद्ध होकर सुविधा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें।

महानगर के प्रमुख सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, चकरौता रोड स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, रानी बाजार स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर, संकलापुरी स्थित संकलेश्वर महादेव मंदिर, गिल कालोनी स्थित नारायण मंदिर, आवास विकास स्थित हरि मंदिर, मक्खन कालोनी स्थित शिव मंदिर, पुल खुमरान स्थित श्री रामश्ेवर मंदिर को सजाया गया है।

इसके अलावा थाना तीतरो क्षेत्रांतर्गत गांव बरसी स्थित महाभारतकालीन शिव मंदिर पर लगने वाले मेले को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके अलावा सरसावा के वनखंडी महादेव मंदिर तथा देवबंद के गांव मानकी स्थित श्रीमनकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना के चलते मंदिर प्रबंध कमेटियों द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Jamia Tibbia