रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर में हर्षोल्लास के साथ होलिका दहन, जनपद में चाक-चैबंद सुरक्षा व्यवस्था

रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर में हर्षोल्लास के साथ होलिका दहन, जनपद में चाक-चैबंद सुरक्षा व्यवस्था
  • सहारनपुर में पुलिस लाईन में होलिका दहन कार्यक्रम में मौजूद एसएसपी अभिनंदन सिंह।

सहारनपुर। होलिका दहन के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, सहारनपुर स्थित परेड ग्राउंड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के नेतृत्व में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर एवं यातायात सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों एवं जनपदवासियों को होलिका दहन की शुभकामनाएं देते हुए एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम और सद्भाव का पर्व है, जिसे सभी को मिलजुलकर शांतिपूर्वक मनाना चाहिए। उधर जनपद सहारनपुर में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रमों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही लगातार पैदल गश्त, सघन निगरानी तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अफवाहों पर नियंत्रण के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द्र बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति भंग करने, अराजकता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply