पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े तीन शातिर लुटेरे, गैस एजेंसी पर हुई लूट की घटना का किया खुलासा
- सहारनपुर में रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा दबोचे गए लुटेरे व जानकारी देते एसपी सिटी।
रामपुर मनिहारान/सहारनपुर। कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस व स्वाट टीम द्वारा मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर गैस एजेंसी में हुई लूट की घटना का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के कब्जे से लूटी गई बाइक, अवैध असलाह व बाइक बरामद कर ली।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 26 जुलाई को कस्बा रामपुर मनिहारान स्थित शिव शक्ति भारत गैस एजेंसी के स्वामी अमित कपिल पुत्र ज्ञानचंद शर्मा निवासी डकरावर कला थाना रामपुर मनिहारान द्वारा कोतवाली रामपुर मनिहारान में लिखित सूचना दी गई थी कि 26 जुलाई को नकाबपोश अज्ञात बदमाशों द्वारा गैस एजेंसी के कार्यालय में घुसकर तमंचा दिखाकर कर्मचारियों से 2 लाख, 57 हजार, 200 रूपए, दो बाउचर बुक बैग सहित लूटकर ले गए हैं। इस सम्बंध में कोतवाली रामपुर मनिहारान में मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि आज कोतवाली रामपुर मनिहारान प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कपिल देव व स्वाट टीम प्रभारी संजीव यादव के नेतृत्व में पुलिस ने तुरमतखेड़ी पुल राजवाहा मोड़ से लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर लुटेरों अंकित उर्फ बबलू पुत्र प्रदीप ठाकुर, दीपक पुत्र कल्याण सिंह उर्फ कल्लू निवासीगण बिरालसी थना चरािावल जिला मुजफ्फरनगर व राजकुमार पुत्र जयपाल निवासी बरवाला थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दबोचे गए लुटेरों के कब्जे से लूट की धनराशि 1 लाख 40 हजार रूपए, लूट में प्रयुक्त बाईक व तीन तमंचे, 21 जिंदा व 3 खोखा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह 2019 में मुजफ्फरनगर जेल में एक मुकदमे में बंद था। उसी दौरान उसकी मुलाकात अंकित पुत्र प्रदीप निवासी बिरालसी थाना चरथावल से हुई थी। जब वे दोनों जेल से बाहर आए तो उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उत्तराख्ंाड के कोटद्वार में डकैती डाली थी जिसमें हम पकड़े गए थे। इसके अलावा हम कई अन्य मामलों में भी जेल गए हैं। करीब 3 माह पूर्व वह जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आकर वह अंकित से मिला। अंकित ने उसकी मुलाकात अपने गांव के दीपक से कराई। वहीं पर अंकित व दीपक ने रामपुर मनिहारान में शिव शक्ति भारत गैस एजेंसी का कैश लूटने की योजना बनाई। योजना के अनुसार उन तीनों गैस एजेंसी की रैकी कर 26 जुलाई को गैस एजेंसी के कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर कैश से भरा बैग बाउचर सहित लूट लिया था।
उन्होंने बताया कि आज हम अन्य घटना को अंजाम देने की रैकी करने आए थे। हम अक्सर अपने मोबाइल बंद रखते हैं, कभी-कभी मोबाइल से बात करते हैं। एसपी सिटी ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने 25 हजार रूपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
