shobhit University Gangoh
 

आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन मकान जमींदोज, एक क्षतिग्रस्त

तीतरो [24CN]। थाना तीतरो क्षेत्रांतर्गत गांव कोलाखेड़ी में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। जबकि एक मकान दरार आने से क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही पीडि़त परिवारों का लाखों रूपए मूल्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि परिजन बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार थाना तीतरो क्षेत्रांतर्गत गांव कोलाखेड़ी में बीती रात्रि बरसात के दौरान एक ही परिवार के मदन, सतवीर, जसवीर, रोहताश पुत्रगण पिरथी के मकानों के ऊपर अचानक आकाशीय बिजली गिर जाने से तीन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। जबकि एक मकान क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ लाखों रूपए का सामान नष्ट हो गया। घटना के दौरान सोनम, नेहा, दीपिका, अक्षित व रिया को मामूली चोटें आईं। प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलने पर तीतरो कोतवाली प्रभारी विनय कुमार, उपनिरीक्षक लोकेंद्र राणा व कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीडि़त परिवार की मदद की। जबकि उनसे पूर्व ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनमोल सैनी ने ग्रामीणों की मदद से पीडि़त परिवार के बच्चों को मलबे से निकाला।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने सरकार से पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उनके पक्के मकान बनवाने की मांग की। उनका कहना था कि पीडि़त परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे मकानों की मरम्मत कराने में भी सक्षम नहीं हैं। इसलिए बरसात के मौसम में उन्हें पड़ोसियों के घर में ही आश्रय लेना पड़ेगा।

तीतरो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उधर क्षेत्र के ही गांव रादौर में हो रही बारिश के चलते गुरदयाल पुत्र बृजपाल कोरी का कच्चा मकान ढह गया। जबकि विनय पांचाल, बिजेंद्र पांचाल पुत्रगणा महीपाल के मकानों की दीवार भी गिर जाने से उनके मकान ढह गए। इसके अलावा बहलोलपुर में दीपचंद पुत्र सुधेराम का मकान भी बरसात के कारण गिर गया जिससे उनका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।

Jamia Tibbia