जेवी जैन कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, बैडमिंटन व योगासन में दिखा उत्साह
- सहारनपुर में जेवी जैन कालेज में आयोजित प्रतियोगिता के प्रतिभागी खिलाड़ी।
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज, सहारनपुर में तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम दिन बैडमिंटन एवं योगासन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम वार्ड 37 के पार्षद एवं राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बॉडीबिल्डर श्री गौरव कपिल उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ी समाज का आईना होता है और वर्तमान समय में देश को स्वस्थ नागरिकों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी न किसी खेल में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपप्राचार्य प्रोफेसर पंकज गुप्ता ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. हरवीर सिंह चैधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. संदीप गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रो. शुभ्रा चतुर्वेदी, प्रो. नीता कौशिक, प्रो. शशि नौटियाल, प्रो. मुकेश कुमार, प्रो. हरिओम गुप्ता, प्रो. अशोक शर्मा, प्रो. परविंद कुमार, प्रो. धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में मनीष कुमार, आचार्य भीम, तेजस्वी चैहान एवं साहिल कुमार शामिल रहे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के परिणामः पुरुष वर्ग में 21 खिलाड़ियों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में शिवांश बंसल ने दक्ष त्यागी को 21-15 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दक्ष त्यागी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हर्ष पवार ने विपुल पवार को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में 29 प्रतिभागियों ने भाग लिया। फाइनल में मुस्कान सिंह ने साक्षी गोयल को 21-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया। साक्षी गोयल द्वितीय एवं अक्षिता तृतीय स्थान पर रहीं। योगासन प्रतियोगिता परिणामः पुरुष वर्ग में आकाश कुमार प्रथम, दीपक द्वितीय एवं विवेक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में मेघा ने प्रथम, आंचल ने द्वितीय एवं वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों ने बताया कि कल प्रातः 9 बजे एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं दोपहर 2ः30 बजे सत्र 2024-25 के मेधावी छात्र-छात्राओं का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विमला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
