करंट लगने से झुलसे तीन बच्चे

- सहारनपुर में एचटी लाइन के करंट से जला मकान।
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्रांतर्गत हसनपुर मजरा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन बच्चे करंट लगने से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि मकान के लेंटर में छेद होने के साथ-साथ मकान में रखा सामान जलकर राखा हो गया। झुलसे बच्चों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली सदर बाजार क्षेत्रांतर्गत हसनपुर मजरा में मजदूरी करने वाले अजीत का पुत्र प्रिंस अपने पड़ोस के बच्चों के साथ मकान की छत पर खेल रहा था। बताया जाता है कि बच्चों द्वारा मांझे में पत्थर बांधकर हाईटेंशन पर फेंकने के कारण प्रवाहित हुए करंट से प्रिंस, सागर व निशांत झुलस गए। करंट से मकान के लेंटर में छेद होने के साथ ही घर में रखा सामान जलकर राखा हो गया। अजीत के पड़ोसियों के मकान में भी नुकसान हुआ। झुलसे बच्चों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा घटना के बारे में जानकारी ली। घटना को लेकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।