बलवा व पुलिस पर हमला करने के आरोप में तीन आरोपी भेजे जेल
- सहारनपुर में मिर्जापुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बलवे के आरोपी।
मिर्जापुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने बलवा व नारेबाजी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर बरामद कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मिर्जापुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक एच. एन. सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह व प्रमोद नैन के नेतृत्व में गश्त के दौरान रायपुर बाजार में पहुंचे तो काफी संख्या में लोग हुल्लड़बाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जब पुलिस बल ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने पुलिस पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से लैस होकर पथराव कर दिया।
इस पर पुलिस ने बलप्रयोग करते हुए तीन आरोपियों शौकीन पुत्र नसीम, अनवार पुत्र इमरान व नईम पुत्र इरशाद निवासीगण रायपुर थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
