शराब तस्कर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर। कोतवाली नकुड़ पुलिस ने एक शराब तस्कर समेत तीन आरोपियों को अलग-अलग मामलों में पकड़ लिया।

मिली जानकारी के अनुसार नकुड़ कोतवाली पुलिस द्वारा थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के नेतृत्व में वारंटी व वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक देवेश कुमार व उपनिरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत एक शराब तस्कर इमरान पुत्र एहसान निवासी नई बस्ती मौहल्ला बंजाराना कस्बा व थाना नकुड़ को दबोचकर उसके कब्जे से 48 पव्वे देशी शराब हरियाणा मार्का बरामद कर ली। दबोचे गए आरोपी इमरान का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।

पूछताछ में आरोपी इमरान ने बताया कि वह अपना गुजारा करने के लिए हरियाणा राज्य से चोरी-छिपे शराब लाकर मुनाफे पर बेचकर पैसे कमाता है। इसी थाना पुलिस ने उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में घर में घुसकर मारपीट करने व पोक्सो अधिनियम में वांछित चल रहे दो आरोपियों अमन मिस्त्री पुत्र बुद्धन व शिवम पुत्र अमन मिस्त्री निवासीगण बिड़वी थाना नकुड़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी शिवम ने बताया कि वह सरसावा से आईटीआई कर रहा है। विगत 17 अप्रैल को गांव में झगड़े के दौरान एक लड़की के कपड़े फट गए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।