वन्य जीव जंतुओं की तस्करी व ठगी करने वाले तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

वन्य जीव जंतुओं की तस्करी व ठगी करने वाले तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
  • सहारनपुर में सरसावा पुलिस द्वारा पकड़े गए ठगी के आरोपी व जानकारी देते एसपी देहात सागर जैन।

सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने वन्य जीवों की अवैध रूप से तस्करी व ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रूपए की कीमत का दुर्लभ प्रजाति को एक दोमुंहा सांप भी बरामद कर लिया।

एसपी देहात सागर जैन ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों के साथ वार्ता करते हुए बताया कि थाना सरसावा पुलिस ने थाना प्रभारी सूबेसिंह के निर्देशन व उपनिरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में ग्राम समसपुर नवादा रोड के पास से गाड़ी संख्या एचआर-71एफ-1789 में दुर्लभ प्रजापति के दोमुंहे सांप की तस्करी कर आम जनता को बहला-फुसलाकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों जरनैल सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव फाजिलपुर थाना सढौरा जनपद यमुनानगर व शाबिर पुत्र जमशैद निवासी छाबड़ी थाना सरसावा, मोबीन पुत्र असलूब निवासी समसपुर थाना सरसावा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चितकबरे रंग का दोमुंहा सांप व एक लाल रंग का स्टेटोस्कैप व सर्जरी के दस्ताने बरामद कर लिए।

एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हम लोग मिलकर वन्य जीव जंतुओं की तस्करी कर लोगों से ठगी करते हैं तथा अर्जित धन से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह गांव में जाकर लोगों को बताते हैं कि यह सांप ऊंचे दामों में प्रयोगशाला वाले खरीदते हैं जिनसे कैंसर की दवाई बनती है। हमारे गैंग का एक आदमी सांप खरीदने वाले की ओर हो जाता है तथा दूसरा मध्यस्थ हो जाता है। उन्होंने बताया कि हमाा मध्यस्थ व्यक्ति सांप खरीदने वाले को यह कहकर आप सांप खरीद लो इसे दोगुने दामों पर बिकवा दूंगा, का झांसा देकर आपस में मिलकर ठगी कर लेते हैं।