देश की आजादी के लिए बलिदान देने वालों को कभी भुलाया नहीं जा सकता: जिलाधिकारी

- सहारनपुर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शपथ दिलाते जिलाधिकारी।
सहारनपुर [24CN] । जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूलने वाले महान स्वंतत्रता सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जब-जब आजादी की बात होगी तब-तब इंकलाब का नारा देने वाले भारत माता के ये वीर सपूत याद किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के मूल्यों को भी हमेशा याद किया जाएगा। उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि होगी कि हम उनके बताये मार्ग पर आगे बढ़ते रहें। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी सहित अन्य शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि यह मौन देश के लिए जान न्योछावर करने वाले उन वीर सपूतों के लिए भी हैं, जिन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में अपनी जान दे दी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी कुष्ठ रोगियों के प्रति विशेष प्रेम रखते थे और उनके कल्याण के प्रति हमेशा चितिंत रहते थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जनपद में कुष्ठ रोगियों को चिन्हित करने के लिए अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों के प्रति कोई भेद भाव न हो और उनके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने की शपथ ली गई है। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य विभाग तथा कुष्ठ निवारण में लगे कर्मियों को निर्देश दिए गए है कि इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एस. बी. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी, डिप्ट कलेक्टर पूरण सिंह राणा श्री एस.एन.शर्मा सहित समस्त कलेक्ट्रेट कर्मी उपस्थित रहे।