‘सड़क पर नमाज पढ़ने वाले पाकिस्तान जाएं या फिर…’, यूपी के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह का विवादित बयान
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में खुले में नमाज पढ़ने पर विवाद बढ़ता जा रहा है. यूपी सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह का इस पर बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने सड़क पर नमाज पढ़ने को कानून के खिलाफ बताया और कहा कि ऐसे लोगों को पाकिस्तान या इराक चले जाना चाहिए. सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ना नाजायज है. इसका पालन नहीं किया जाना चाहिए.
ठाकुर रघुराज सिंह ने कहा कि सड़क पर नमाज पढ़ना कानून का उल्लंघन है और ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. सड़क पर नमाज पढ़ने वाले पाकिस्तान जाएं. सड़क पर नमाज पढ़कर उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है. मंत्री ने कहा कि अगर नमाज सड़क पर पढ़नी है तो पाकिस्तान जाए इराक जाए या ऐसी जगह जाए जहां मुस्लिम कंट्री में ईद नहीं मनाई जा रही है.
सड़क पर नमाज से भड़के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह
मंत्री ने कहा कि मैं कई अरब देशों में घूमा हूं, वहां मैंने देखा है कि लोग मस्जिद के अंदर ही नमाज़ पढ़ते हैं. अगर एक भी ज्यादा व्यक्ति है तो वो अपने घर जाकर नमाज़ पढ़ता है. इनके यहां मूर्ति पूजा नहीं है. हिन्दुओं की तरह ये नहीं कर सकते कि हर काम अनुमति लेकर करें. उन्होंने कहा कि सड़क पर नमाज पढ़ना कोई मौलिक अधिकार नहीं है और हिंदुस्तान में संविधान के हिसाब से रहना पड़ेगा.
दोषी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
ठाकुर रघुराज सिंह का यह बयान अलीगढ़ में सड़क पर नमाज पढ़ने के बाद आया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी सक्षम अधिकारी दोषी पाएं जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है. इसमें मुकदमा भी दर्ज होना चाहिए.
वहीं इस पूरे विवाद पर डीएम संजीव रंजन की प्रतिक्रिया भी सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि सड़क पर नमाज नहीं हुई है. वहीं मौलाना बोले सड़क पर नमाज हुई है यह किसकी लापरवाही है आप समझ सकते हैं.
बता दें कि अलीगढ़ में ईद के मौके पर ईदगाह के बाहर नमाज़ पढ़ने की घटना सामने आई थी, बताया जा रहा है कि यहां कुछ लोग सड़क पर बैठकर नमाज अदा करने लगे थे, जिन्हें बाद में प्रशासन ने हटा दिया. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद इस घटना को लेकर विवाद शुरू हो गया.
