भाजपा में नहीं होगा जेडीएस का विलय, देवेगौड़ा बोले- अपने दम पर लड़ेंगे चुनाव

भाजपा में नहीं होगा जेडीएस का विलय, देवेगौड़ा बोले- अपने दम पर लड़ेंगे चुनाव

बेंगलुरु :  भाजपा में जेडीएस के विलय की अटकलों को खारिज करते हुए पार्टी के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने कहा कि 2023 में पार्टी अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। देवेगौड़ा ने अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि पर सवाल करने और पार्टी के खिलाफ आरोप लगाने के लिए कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। साथ ही कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस सरकार के पतन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनसे हर बार अपनी धर्मनिरपेक्ष साख साबित करने के लिए कहने के बजाय अपनी धर्मनिरपेक्ष साख को स्पष्ट करनी चाहिए।

भाजपा में जेडीएस के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए देवेगौड़ा ने इसे ‘मनोरंजन कार्यक्रम’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों के दौरान उनकी पार्टी को लेकर तमाम बातें कही गई हैं, इसे एक मनोरंजन कार्यक्रम कहा जा सकता है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि जेडीएस एक क्षेत्रीय पार्टी है। एक क्षेत्रीय दल को खड़ा करने और उसे बचाने के लिए किन-किन परेशानियों और दर्द से गुजरना पड़ता है, यह उसके कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रमुख ही जानते होंगे।

देवेगौड़ा ने दावा किया कि राजनीतिक दलों नेता जेडीएस की निष्फलता की बातें कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उनकी आसानी से खारिज नहीं कर सकता। यह देवेगौड़ा या उनके बेटे की ही पार्टी नहीं है। उनके बाद भी भी पार्टी को बचाने वाले लोग हैं।

बता दें कि पिछले हफ्ते देवेगौड़ा के पुत्र और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी विलय की अटकलों को खारिज किया था। दरअसल, हाल के दिनों में कुमारस्वामी ने व्यक्तिगत रूप से येदियुरप्पा से दो बार उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की थी। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के प्रति उनका रवैया भी नरम हो गया है। इसके अलावा जेडीएस ने भूमि सुधार बिल पर भी सदन में भाजपा का समर्थन किया था। इसके बाद से ही भाजपा में जेडीएस के विलय की अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं।