यूपी में रामनवमी पर दो दिन का अवकाश, 26 और 27 मार्च की रहेगी छुट्टी, सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
उत्तर प्रदेश में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और धार्मिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के मौके पर लगातार दो दिनों का अवकाश घोषित किया है. पहले 26 मार्च को अवकाश निर्धारित था लेकिन अब सरकार ने 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है. इस निर्णय के बाद प्रदेश में 26 और 27 मार्च दोनों दिन सरकारी कार्यालयों, कई शिक्षण संस्थानों और अन्य सरकारी सेवाओं में छुट्टी रहेगी.
योगी सरकार के इस फैसले का मुख्य कारण मंदिरों में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और धार्मिक आयोजनों का विस्तार बताया जा रहा है. रामनवमी के दौरान प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अयोध्या सहित कई धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, शोभायात्रा और भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है.
