
‘मेरठ में जातीय संघर्ष कराने की थी साजिश’, मां की हत्या कर बेटी के अपहरण पर DIG का बड़ा दावा
मेरठ के कपसाड़ इलाके में मां की हत्या और बेटी को जबरन उठाने की घटना में पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी युवक और युवती को बरामद कर लिया है. जिसके डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया कि इस हत्याकांड की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में जातीय संघर्ष कराना चाहते थे लेकिन, पुलिस प्रशासन ने इस साजिश का नाकाम कर दिया है.
मेरठ की इस घटना पर बीते कई दिनों से जमकर सियासत देखने को मिल रही हैं. सपा-बसपा समेत नगीना सांसद चंद्रेशेखर आज़ाद और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी इस घटना को दलितों पर अत्याचार से जोड़ते हुए राज्य सरकार को आड़े हाथों लेने की कोशिश की थी, जिसके बाद काफी बवाल देखने को मिला.
इलाके में जातीय संघर्ष की साजिश नाकाम
दूसरी तरफ पुलिस ने इस मामले पर त्वरित एक्शन लेते हुए मामले की जाँच और अगवा युवती की बरामदगी के लिए 12 टीमों को गठन किया था. इन टीमों को आसपास के चार राज्यों में भेजा गया. इस दौरान क़रीब 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया औक घटना के 60 घंटों बाद ही पुलिस ने युवक और युवती का बरामद कर लिया है.
अगवा युवती और आरोपी युवक बरामद
डीआईजी ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत से ही इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच तेज की और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. डीआईजी ने कहा कि इस मामले को लेकर स्थानीय इलाके में जातीय संघर्ष को बढ़ावा देने की साज़िश रची जा रही थी लेकिन, पुलिस की कार्रवाई ने इस षडयंत्र को नाकाम कर दिया. हालांकि इस दौरान उन्होंने किसी किसी नेता के नाम का जिक्र नहीं किया.
इस मामले में प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 48 घंटे में आर्थिक मदद भी मुहैया कराई गई है. पुलिस ने अगवा युवती को बरामद कर लिया है. आरोपी युवक पारस को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है. इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही हैं. इलाके में तनाव को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. पीड़ित परिवार को भी सुरक्षा मुहैया कराई है.
