महिला-पुरूषों में नहीं होना चाहिए कोई भेदभाव: साहब सिंह

- सहारनपुर में जंधेड़ा समसपुर में आयोजित गोष्ठी में अतिथियों का स्वागत करते आयोजक।
रामपुर मनिहारान। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहब सिंह पुंडीर ने कहा कि आज के समय में स्त्री व पुरूष दोनों को समान अधिकार प्राप्त हैं। इसलिए सभी छात्र-छात्राओं को समान रूप से शिक्षा मिलनी चाहिए।
साहब सिंह पुंडीर रामपुर मनिहारान विकास खंड के गांव जंधेड़ा समसपुर स्थित स. वल्लभभाई पटेल इंटर कालेज में विजय पथ एजुकेशनल सोसायटी के तत्वावधान में नारी सशक्तिकरण एवं आधुनिक समय में शिक्षा का महत्व विषय पर आयोजित शैक्षिक गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्त्री और पुरूष दोनों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती नीलिमा राणा ने छात्र-छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के बारे में जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ईश्वर पाल व प्रबंधक रघुवीर सिंह ने सम्बोधित किया तथा प्रधानाचार्य रामकुामर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कालेज के प्रधानाचार्य रामकुमार, शिक्षक बृजेश शर्मा, सतीश कुमार, राजेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार, अमरपाल, रामकुामर तृतीय, बिजेंद्र कुमार, ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय व नरेंद्र कुमार को संस्था की ओर से सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाजसेवी अवि छाबड़ा, श्रीमती निकिता, सुमन देवी सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।