विपक्षी एलायंस I.N.D.I.A में भी आ सकती है दरार, सपा बोली- गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही कांग्रेस

विपक्षी एलायंस I.N.D.I.A में भी आ सकती है दरार, सपा बोली- गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही कांग्रेस

लखनऊ। तीन बार के सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा के त्यागपत्र देने से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को तगड़ा झटका लगा है। कुर्मी बिरादरी से आने वाले रवि प्रकाश कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।

कांग्रेस के इस कदम से सपा के साथ उसकी खाई और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए में भी दरार आ सकती है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा व कांग्रेस की रार खुलेआम सामने आ चुकी है।

अब प्रदेश में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने की बात को लेकर आइएनडीआइए की दरार और चौड़ी हो सकती है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही है।

वह सपा के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा रही है। प्रदेश में कांग्रेस, सपा के बगैर कुछ नहीं कर पाएगी। प्रदेश में भाजपा को केवल सपा ही हरा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि रवि प्रकाश वर्मा के पार्टी छोड़ने का कोई असर नहीं होगा। उन्हें सपा ने टिकट दिया किंतु चुनाव हार गए।

इसके बाद पार्टी ने उनका सम्मान करते हुए राज्य सभा सदस्य बनाया। वर्ष 2019 के चुनाव में सपा ने उनकी बेटी पूर्वी वर्मा को टिकट दिया किंतु वह भी चुनाव हार गईं। सपा का पीडीए पूरी तरह से मजबूत है और अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में इसके अच्छे परिणाम में दिखाई देंगे।

Jamia Tibbia