भाजपा की करनी व कथनी में नहीं है कोई अंतर: प्रदीप
गंगोह [24CN]। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व माधोपुर के ग्राम प्रधान गुरदयाल सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी के समक्ष सदस्यता ग्रहण कर ली। गंगोह विकास खंड के गांव माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गुरदयाल सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी का भव्य स्वागत किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान गुरदयाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ सपा को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थाम लिया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि भाजपा की करनी व कथनी में कोई अंतर नहीं है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र व उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के साथ-साथ अंतिम पाएदान पर खड़े व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रवाद के आधार पर सभी का साथ, सभी विकास व सभी का विश्वास के नारे के अनुरूप देश व समाज का विकास करने का काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधान चौ. गुरदयाल सिंह ने कहा कि वर्तमान में भाजपा की नीतियां ही जनता के हित में हैं। इसलिए उन्होंने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान देवेंद्र सिंह, नैनकुमार, बाबा ओमपाल, श्याम सिंह, अजीत सिंह, जैकी, शिवदयाल, प्रशांत, अनुज, मोनू तीतरो, सुरेंद्र फतेहपुर, आनंद शर्मा, नीटू शर्मा, विपिन शर्मा समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।