यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजनों को सता रही उनकी चिंता

सहारनपुर। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही तनातनी के बीच यूक्रेन में फंसे सहारनपुर के छात्रों के परिजनों को अपने बच्चों की चिंता सता रही है। परिजन लगातार बच्चों के सम्पर्क में रहकर उनकी कुशलता की कामना कर रहे हैं। सभी का प्रयास है कि उनके बच्चे शीघ्र ही अपने वतन लौट आएं।

गौरतलब है कि रूस व यूक्रेन के बीच लगातार चल रही तनातनी के बाद हवाई मार्ग बंद करने के चलते यूक्रेन में रहकर पढ़ाई कर रहे सहारनपुर के छात्रों के परिजनों की उनकी चिंता सता रही है। परिजन लगातार अपने बच्चों से सम्पर्क कर उनकी कुशलता की कामना कर रहे हैं। सहारनपुर नगर के रायवाला निवासी अम्मार यूक्रेन में रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसे 25 फरवरी को स्वदेश लौटना परंतु उसकी फ्लाई रद्द हो गई। इसलिए उसके परिजनों को उसकी चिंता सता रही है। परिजन लगातार कॉलिंग व व्हाट्सएप पर लगातार सम्पर्क साध रहे हैं।

मो. वाहिद ने बताया कि उसका भांजा यूक्रेन में मेडिकल शिक्षा ग्रहण कर रहा है। उसका तीसरा साल है। वह वहां से अपनी फ्लाइट के लिए निकल चुका था। आज उसकी फ्लाइट थी परंतु जानकारी मिली है कि फ्लाईट रद्द हो गई तथा एयर इंडिया का हवाई जहाज वापस आ गया है। उनका भांजा यूक्रेन में ही फंस गया है। इसलिए हम सब परेशान हैं। ऐसा ही कस्बा चिलकाना के अय्याज अहमद, मो. फरमान अंसारी, तथा मोबीन अंसारी का भी है। उनके परिवार के बच्चे यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गए थे। परिजन दहशत में हैं क्योंकि मौजूदा हालात के चलते अगले चंद घंटों में इंटरनेट सेवा भी बंद हो सकती है। इसके बाद बच्चों से बात करने में भी दिक्कत हो सकती है।

उनका कहना है कि उन्हें चिंता हो रही है कि उनका बच्चा अकेला है तथा समझदार नहीं है। परिजन परेशान हैं। हमारी सुबह उससे बात हुई थी जब वह यूनिवर्सिटी से निकल रहा था। इसके बाद उससे सम्पर्क नहीं हुआ। एम्बेसी वालों ने मदद करने को कहा है तथा कहा है कि सकुशल उसे यूनिवर्सिटी पहुंचा दिया जाएगा।