निकायों का काम सफाई ही नहीं सोच बदलने का भी है: नगरायुक्त

निकायों का काम सफाई ही नहीं सोच बदलने का भी है: नगरायुक्त
  • सहारनपुर में मुंगेर से सहारनपुर मॉडल का अध्ययन करने आये मुंगेर के दल को संबोधित करते नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह।

सहारनपुर [24CN] । आईटीसी मुंगेर (बिहार) के साथ मिलकर स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रहे दो स्वयंसेवी संगठनों का एक सात सदस्य अध्ययन दल बुधवार को सहारनपुर पहुंचा और स्वच्छता के लिए मिशन आईटीसी सुनहरा कल के सहारनपुर मॉडल की जानकारी ली।

अध्ययन दल ने नगर निगम में नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से भी मुलाकात की। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह अध्ययन दल से बात करते हुए कहा कि नगर निगम या नगर पालिकाओं का काम केवल सड़क-नालियों की सफाई तक ही सीमित नहीं है बल्कि अपने कार्य और व्यवहार से सोच बदलने तथा अपने शहर कस्बे की प्रतिभाओं को आगे लाकर उन्हें सम्मान देने की भी है। इससे ही उनमें एक जिम्मेदार नागरिक का भाव जागृत होगा और वे निकायों की योजनाओं में भागीदार बनेंगे। उन्होंने कहा कि निकायों के सहयोगी के रुप में काम कर रहे स्वयंसेवी संगठन इस काम बेहतर ढंग से अंजाम दे सकते हैं, क्योंकि वे जनता के बीच रहते हैं।

नगरायुक्त ने कहा कि लोगों की सोच बदलना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन यह असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कड़ी मेहनत की जरुरत होती है। उन्होंने कोई भी निकाय शहर के लोगों को स्वच्छता की सीख तभी दे सकता है जब वह सबसे पहले अपना परिसर साफ सुथरा रखे। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक शौचालयों और पार्को की हालत सुधारने से भी जनता के बीच अच्छा संदेश जाता है। उन्होंने अध्ययन दल को टिप्स देते हुए कहा कि जिन संतों का लोगों पर प्रभाव हो उन्हें कार्यक्रमों में बुलाकर उनसे अपील करायी जानी चाहिए।

आईटीसी मिशन सुनहरा कल की लिपिका ने बताया कि मुंगेर से आया दल डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, गीले व सूखे कूड़े को अलग अलग करना, घरों में होम कंपोस्टरों का रखरखाव, मौहल्ला कमेटियों का कार्य तथा एमआरएफ सेंटरों पर कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया आदि का अध्ययन करेगा। मुंगेर से आये दल में आईटीसी मुंगेर के राहुल, प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर सौरभ कुमार व पुरुषोत्तम कुमार के अलावा मनोज कुमार, प्रिय रंजन तथा निखिल आदि शामिल थे। मुलाकात के दौरान सहारनपुर आईटीसी के पामिश, मयंक अरोड़ा व मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर भी शामिल रहे।

यह भी पढे >>Gold Rate Today: आज फिर सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट (24city.news)