काव्य गोष्ठी में बही देशभक्ति की बयार
- सहारनपुर में संस्था सुर संगम के कार्यक्रम का दृश्य।
सहारनपुर [24CN]। सुर संगम के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रभक्ति गीत व कविता कार्यक्रम में कलाकारों ने गीत व कविताओं के माध्यम से शहीदों को नमन करते हुए देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। स्थानीय तिलकनगर स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्था के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महासचिव नीलम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। तत्पश्चात अध्यापक राकेश गोयल ने वाणी वंदना प्रस्तुत की।
वेदप्रकाश पोपली ने अपनी धरती, अपना अम्बर, अपना हिंदुस्तान गीत प्रस्तुत कर राष्ट्र भक्ति का संचार किया। अध्यापक राकेश गोयल ने राष्ट्र की जय चेतना का गान वंदेमातरम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में संगीतज्ञ नीलम अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, गुलजारी लाल नंदा, श्रीमती कविता ने भी देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव अग्रवाल व संचालन नीलम अग्रवाल ने किया।
