पीडि़ता ने जिलाधिकारी से लगाई उत्पीडऩ से बचाने की गुहार
- सहारनपुर में दबंगों के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना पर बैठा पीडि़त परिवार।
सहारनपुर [24CN]। थाना फतेहपुर क्षेत्रांतर्गत गांव मुजफ्फराबाद में दबंगों द्वारा मकान पर कब्जा करने की नीयत से दीवार तोड़े जाने के मामले में पीडि़त परिवार ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया तथा जिलाधिकारी से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही किए जाने की मांग की।
थाना फतेहपुर क्षेत्रांतर्गत गांव मुजफ्फराबाद निवासी सुषमा शर्मा पत्नी राजेंद्र शर्मा अपने बच्चों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची तथा जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर पीडि़त परिवार धरने पर बैठ गया। पीडि़त महिला सुषमा शर्मा ने जिलाधिकारी को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति बाहर नौकरी करता है। वह गांव में बच्चों के साथ रहती है। उसके सास-ससुर बूढ़े हैं जो बीमार हैं। पीडि़त महिला का आरोप है कि उसके पड़ोसी समय सिंह पुत्र दलसिंह तथा उसके बेटों संजीव व निपुण ने अन्य पड़ोसी के साथ मिलकर उस पर दबाव बनाने के लिए दीवार तोड़कर रास्ता बना लिया है। इस सम्बंध में पीडि़ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व उपजिलाधिकारी बेहट को प्रार्थना पत्र दिया था जिस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
पीडि़ता ने आरोप लगाया कि मकान की दीवार तोड़कर रास्ता बनाने वाले पड़ोसी प्रभावशाली व चालाक हैं जिन्होंने उनके घर के सामने अनजान व हिस्ट्रीशीटर बदमाश को बैठा रखा है। पीडि़ता का आरोप है कि मुजफ्फराबाद चौकी प्रभारी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए उसके व उसके परिवार की महिलाओं के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे रहा है। उन्होंने दबंगों द्वारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की आशंका जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पीडि़ता का कहना था कि उसके परिवार का उत्पीडऩ बंद नहीं हुआ तो वह गांव से पलायन करने को मजबूर होगी।
