जिला प्रशासन ने की अनूठी पहल प्रदेश में स्कूलों में एलेक्सा डिवाइस शुरू करने वाला बना पहला जनपद

जिला प्रशासन ने की अनूठी पहल प्रदेश में स्कूलों में एलेक्सा डिवाइस शुरू करने वाला बना पहला जनपद

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं स्मार्ट बनाने के उद्देश्य से दिया गया प्रशिक्षण

तकनीक के द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की जा सकेगी प्रदान, दिव्यांग बच्चों को मिल सकेगा अधिकतम लाभ

शिक्षक अपनी देखरेख में करें डिवाइस का प्रयोग, सफल प्रयोग के बाद जनपद के सभी स्कूलों को दी जाएगी ट्रेनिंग

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए 80 स्कूलों को दी गई एलेक्सा डिवाइस

सहारनपुर [24CN]। मण्डलायुक्त डाॅ लोकेश एम. एवं जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह द्वारा सर्किट हाउस स्थित सभागार में दोपहर 12 बजे अमेजन इंडिया के कम्यूनिटी प्राग्राम के अन्तर्गत आयोजित एलेक्सा डिवाइस के वितरण एवं प्रशिक्षण सम्बन्धी कार्यशाला का उद्घाटन सरस्वती मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के विद्यालयों को स्मार्ट बनाना के साथ तकनीकी से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।

मण्डलायुक्त श्री लोकेश एम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र का विकास जिला प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण विषय है। इसी के लिए समय-समय पर उनके द्वारा विद्यालयों के इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मूलभूत सुविधाओं को परखने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही हम सभी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आज सहारनपुर जनपद में आईटी इनोवेशन के तौर पर जिला प्रशासन एवं अमेजन एलेक्सा के सहयोग से बेसिक शिक्षा विभाग के 80 स्कूलों के शिक्षकों को एलेक्सा डिवाइस का वितरण किया गया है। इन 80 स्कलों के स्मार्ट बनने से लगभग 20 हजार बच्चों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अभी डिवाइसों का वितरण पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर किया गया है। भविष्य में मण्डल के सभी स्कूलों में उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह डिवाइस ज्ञान का भण्डार है। बच्चे इसकी सहायता से किसी भी विषय के सवालों के जवाब सिर्फ बोलकर प्राप्त कर सकते हैं। ये डिवाइस बच्चों को सिखाने के साथ उनका मनोरंजन भी करेगी। एलेक्सा डिवाइस बच्चों के साथ शिक्षकों को आने वाली समस्याओं के समाधान में सहायता करेगी। उन्होंने उपस्थित सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि डिवाइस का प्रयोग अपनी उपस्थिति में कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने कहा कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से शिक्षा का स्तर न सिर्फ बेहतर होता है बल्कि बेहद रोचक और सरल भी हो जाता है। जिला प्रशासन इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ नवाचार से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल करने वाला पहला जनपद सहारनपुर बना है। कुछ बच्चे कक्षा में सवाल करने से हिचकिचाते हैं, उनके लिए ये डिवाइस काफी मददगार साबित होगी। साथ ही आंखों से दिव्यांग छात्र बोलकर इसकी सहायता से आसानी से सम्बन्धित विषय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस डिवाइस के उपयोग से बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ साथ अन्य जानकारियों को भी सुनने के साथ समझ सकते हैं। छात्रों को यह मशीन देश-विदेश, विज्ञान, इतिहास, भूगोल सहित अन्य विषयों की सभी जानकारी बेहद सरल तरीके से उपलब्ध करवा करवाएगी।

कार्यशाला में अमेजन एलेक्सा की टीम द्वारा 80 स्कूलों के शिक्षकों को एलेक्सा डिवाइस चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रोग्राम मैनेजर अली रिजवी ने बताया कि प्रशिक्षण में सभी शिक्षकों को एलेक्सा डिवाइस के सही तरह से संचालन की संपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यक जानकारी एवं समस्या के लिए उनकी टीम सभी शिक्षकों के सम्पर्क में रहेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अर्चना द्विवेदी, उपजिलाधिकारी तहसील सदर किंशुक श्रीवास्तव, तहसीलदार विपिन द्विवेदी, नायाब तहसीलदार मोनिका चैहान, अमेजन अलेक्सा टीम के प्राग्राम मैनेजर अली रिज़वी एवं क्षितिज शर्मा, मास्टर ट्रेनर सारा हुसैन सहित शिक्षकगण उपस्थित रहें।