पीडि़त को न्याय दिलाना ही सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी

- सहारनपुर में पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते एसएसपी विपिन टाडा।
सहारनपुर [24CN]। सहारनपुर के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा ने कहा कि पीडि़त की कोई जाति नहीं होती बस तुरंत उसको न्याय मिल जाए यही उसकी सबसे बड़ी सहायता होती है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति निर्धारित समय में उनसे कार्यालय में मिल सकता है। फरियादी की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
2012 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी विपिन टाडा आज यहां पुलिस लाईन में अपना कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीडि़त का दर्द सर्वोपरि होता है। पीडि़त की कोई जाति व धर्म नहीं होता। पीडि़त, पीडि़त होता है। इसलिए पीडि़त को न्याय दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनसम्पर्क व थानों के निरीक्षण रहेगी क्योंकि लोगों से मिलने से समस्या का समाधान हो जाता है। संवाद व समन्वय से कोई भी कार्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति उनसे उनके कार्यालय में निर्धारित समय में आकर मिल सकता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की सभी शाखाओं को अच्छा कार्य करना चाहिए। इससे पूर्व गोरखपुर से स्थानांतरित होकर आए आईपीएस अधिकारी विपिन टाडा ने अपना कार्यभार ग्रहण किया तथा विभाग के राजपत्रित अधिकारियों से जानकारी हासिल की।