सपाइयों ने केक काटकर मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन

सपाइयों ने केक काटकर मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन
  • सहारनपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जनमदिन मनाते सपा पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन केक काटकर धूमधाम से मनाया तथा अखिलेश यादव के दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के नेतृत्व में केक काटकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर अखिलेश यादव के जन्मदिन की बधाई दी।

कार्यक्रम व मासिक बैठक को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही सर्वसमाज का हित सुरक्षित है क्योंकि सपा की सरकार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया गया था तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। जबकि भाजपा की वर्तमान सरकार के शासनकाल में किसान, मजदूर, व्यापारी, छात्र, शिक्षक आदि सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने का काम कर रही हैं। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा द्वारा अलोकतांत्रिक तरीके से अपने लोगों को जिला पंचायत चेयरमैन बनवाने से साबित हो गया है कि भाजपा देश को तानाशाही के रास्ते पर ले जाना चाहती है। इसे भाजपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गांव-गांव व घर-घर जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराने का काम करें ताकि भाजपा को हराकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाई जा सके। सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि सपा ब्लाक प्रमुख चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जिताकर भाजपा को आइना दिखाने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि सपा के अधिक से अधिक उम्मीदवारों को जिताया जा सके तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में पुन: सपा की सरकार बनाई जा सके।

मासिक बैठक में पूर्व मंत्री सरफराज खान, जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, मीडिया प्रभारी राव वजाहत, मा. राजवीर सिंह यादव, एससी सभा के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक, अच्छन उर्फ संदीप यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष महजबी खान, फैसल सलमानी, इरशाद सलमानी, चौ. अब्दुल गफूर, हनीफ तेली, अक्षय चौधरी, वेदपाल पटनी आदि भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।