नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक बार फिर वर्षा का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार तक के लिए हल्की से मध्यम बरसात की भविष्यवाणी की है। अगले दो-तीन दिन हल्की बारिश होगी, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बरसात होगी।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। मानसून खास तौर से पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय है। अगले पांच दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत ज्यादा भारी बरसात का पूर्वानुमान है।

उमसभरी गर्मी से परेशान हुए दिल्लीवासी

उधर मौसम में मौजूद नमी के चलते रविवार को दिल्लीवासी उमसभरी गर्मी से परेशान रहे। बादलों की आवाजाही के बीच धूप की चुभन ने पसीना भी निकाला। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 92 से 54 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।

आज कितना रहेगा तापमान?

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। हवा की गति आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

दिल्ली में कई दिन होगी बारिश

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अगले छह दिन कुछ इलाकों में हल्की वर्षा देखी जाएगी। वहीं चार और पांच को राष्ट्रीय राजधानी में तेज वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बरसात के चलते राष्ट्रीय राजधानी के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

दिल्ली की हवा की बात करें तो यह लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। रविवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 71 रहा। इस स्तर की हवा को ”संतोषजनक” श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तक वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहेगा।