अमृत महोत्सव मनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को जागरूक करना
सहारनपुर [24CN]। हिंदू जागरण मंच के प्रांत सम्पर्क प्रमुख ठा. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की विरल उपलब्धि है। इसलिए हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं ताकि युवा पीढ़ी को आजादी के संघर्ष से अवगत कराया जा सके।
ठा. सूर्यकांत सिंह पुवांरका विकास खंड के गांव सद्दा माजरा स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में आजादी के 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी भारत के निर्माताओं ने जिस सूझबूझ, कर्मठता व साहस के साथ परिस्थितियों से लोहा लिया, वह इतिहास का क्रांतिकारी पृष्ठ है। उनकी दृष्टि में पूरे कोरे हिंदू की बात नहीं होती, ईसाई, मुसलमान व सिख की बात भी नहीं होती है। उनकी नजर में मुल्क की एकता सर्वोपरि है। उनके निर्णय, उनके इतिहास, भूगोल व संस्कृति की पूर्ण जानकारी के आधार पर होते हैं। हम महसूस कर रहे हैं कि निराशाओं के बीच आशाओं के दीप जलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी का महोत्सव वर्तमान पीढ़ी को उन सपनों, आदर्शों, आशाओं एवं अपेक्षाओं का स्मरण दिलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है जिसे हम भारत के लोग अपने हृदय में संजोए रखते हैं। आर्थिक, सामाजिक व समानता के भेदभाव को मिटाकर खुशहाल भारत के निर्माण की योजना पूरा करने के उद्देश्य से अमृत महोत्सव मनाया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहब सिंह व संचालन प्रधानाचार्य रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर कुलदीप, रामसिंह, गौरव, अश्विनी, रजत सहित भारी संख्या में स्कूली छात्र मौजूद रहे।